तमिलनाडु के कोयंबटूर में 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की दर्दनाक घटना से पूरा राज्य गुस्से और शोक में डूबा हुआ है। इसी बीच एक वरिष्ठ महिला पुलिस अधिकारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों के आक्रोश को और बढ़ा दिया है। वायरल वीडियो में पुलिस महानिरीक्षक (पश्चिम जोन) आरवी राम्या भारती प्रेस ब्रीफिंग शुरू होने से पहले पत्रकारों के साथ मुस्कुराते और हंसते हुए नजर आ रही हैं।
कब का है वीडियो
यह वीडियो उस समय सामने आया है जब राज्यभर में लोग बच्ची को इंसाफ दिलाने की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने महिला अधिकारी के व्यवहार को “संवेदनहीन” बताया है। लोगों का कहना है कि जिस मामले ने पूरे तमिलनाडु को झकझोर दिया है, उस पर ब्रीफिंग से पहले इस तरह हंसना बेहद आपत्तिजनक है। वीडियो सामने आने के बाद एक्स और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
एक यूजर ने लिखा कि पूरा राज्य एक मासूम बच्ची की हत्या पर दुख में डूबा है और अधिकारी हंसते हुए दिखाई दे रही हैं। वहीं कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दलों ने भी सरकार और पुलिस प्रशासन को घेरना शुरू कर दिया है।
अभी तक नहीं आया कोई बयान
हालांकि पुलिस विभाग की ओर से इस वायरल वीडियो पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। दूसरी ओर, सुलूर इलाके में हुई इस वारदात को लेकर लोगों में भारी नाराजगी बनी हुई है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है।
घटना को लेकर तमिलनाडु में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। लोग बच्ची के लिए सख्त न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि वायरल वीडियो ने प्रशासन की कार्यशैली पर भी बहस छेड़ दी है।