मेरठ में STF का बड़ा एक्शन, एक लाख का इनामी बदमाश जुबैर मुठभेड़ में ढेर

Share This

 

मेरठ में एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख के इनामी कुख्यात बदमाश जुबैर को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। जुबैर, पुत्र रफतउल्ला, अलीगढ़ जिले के नौशा गांव का रहने वाला था और लंबे समय से पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था। फिलहाल वह दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में रह रहा था और वहां से अपने आपराधिक नेटवर्क को संचालित कर रहा था।

कई मामले दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जुबैर कुख्यात मुनीर गिरोह का सक्रिय सदस्य था और उसके खिलाफ हत्या, लूट और डकैती जैसे दो दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे। उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि दिल्ली के कई थानों में भी उसके खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह लगातार पुलिस की नजरों से बचता रहा और अलग-अलग राज्यों में अपनी लोकेशन बदलकर फरार चल रहा था।

इस मामले में था फरार

जानकारी के मुताबिक जुबैर का नाम अलीगढ़ में हुई एक सनसनीखेज हत्या में भी सामने आया था। एएमयू परिसर के पास एबीके यूनियन हाई स्कूल के शिक्षक राव दानिश अली की बेरहमी से गोली मारकर हत्या की गई थी। इस वारदात में जुबैर ने अपने एक साथी के साथ मिलकर हमला किया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

यह घटना 24 दिसंबर 2025 की रात अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी परिसर के पास हुई थी, जब शिक्षक राव दानिश अली अपने साथियों के साथ टहल रहे थे। उसी दौरान नकाबपोश हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दी थीं। राव दानिश अली 2015 से एबीके बॉयज स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और उनका परिवार भी एएमयू से जुड़ा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *