फर्रुखाबाद में पुलिस मुठभेड़: 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, फायरिंग में सिपाही घायल

Share This

फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और गोवध अधिनियम के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की गोली लगने से एक सिपाही घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी भी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदा उर्फ चांद मियां निवासी अताईपुर के रूप में हुई है। वह गोवध के मामले में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस टीम ने रविवार रात करीब एक बजे उसे गिरफ्तार किया था।

ऐसे हुआ गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार उसने मीरपुर से कलाखेल जाने वाले रास्ते के पास जंगल में छिपाकर रखे हैं। इसके बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामद करने के लिए मौके पर लेकर पहुंची।

पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर भागने की कोशिश की और झाड़ियों में छिपाकर रखा गया 315 बोर का अवैध तमंचा निकाल लिया। आरोप है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें सिपाही प्रवीण घायल हो गया।

फायरिंग के बाद पुलिस ने आरोपी को रुकने और आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसके नहीं मानने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके से पकड़ लिया गया।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, बांका और छुरी बरामद करने का दावा किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। आरोपी पर गोवंश अवशेष मिलने के मामले में मुकदमा दर्ज था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *