CP मोहित अग्रवाल के गोद लिए चौक थाने को ISO 9001 सम्मान, वाराणसी में पहली बार किसी थाने को मिली मान्यता

Share This

वाराणसी। वाराणसी पुलिस की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता सुधार की पहल को बड़ी उपलब्धि मिली है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के गोद लिए चौक थाने को ISO 9001 सर्टिफिकेट मिला है। यह मान्यता हासिल करने वाला चौक थाना वाराणसी का पहला थाना बन गया है।

चौक थाना लंबे समय से पुलिस कमिश्नर की प्राथमिकता में रहा है। थाने की व्यवस्थाओं और कामकाज में सुधार के लिए पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण से लेकर जनता की शिकायतों के निस्तारण और पुलिस-जन संवाद तक कई स्तरों पर बदलाव किए गए। इन्हीं व्यवस्थाओं और निर्धारित मानकों के मूल्यांकन के बाद थाने को ISO 9001 प्रमाणपत्र मिला है।

सीपी ने कहा ये

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर चौक थाने के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ISO सर्टिफिकेट मिलना किसी एक दिन की उपलब्धि नहीं है, बल्कि इसके पीछे पुलिसकर्मियों की लगातार मेहनत और कार्यप्रणाली में किए गए सुधार का परिणाम है।

सर्टिफिकेशन के दौरान थाने में पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग, जनता से संवाद, शिकायतों के निस्तारण, सुविधाओं और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था समेत विभिन्न पहलुओं को मानकों के आधार पर देखा गया। पुलिस की कोशिश रही कि थाने आने वाले लोगों को बेहतर माहौल और सुविधाएं मिलें तथा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना और निस्तारित किया जाए।

दूसरे थानों को मिला लक्ष्य

मोहित अग्रवाल ने कहा कि चौक थाने को मिली यह मान्यता अब दूसरे थानों के लिए भी एक लक्ष्य तय करती है। पुलिस कमिश्नरेट स्तर पर प्रयास किया जाएगा कि अन्य थानों की कार्यप्रणाली में भी इसी तरह गुणवत्ता सुधार लाया जाए।

चौक थाने को मिले ISO प्रमाणपत्र को वाराणसी पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इसका उद्देश्य केवल प्रमाणपत्र हासिल करना नहीं, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच भरोसे को और मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *