अमरोहा के तिगरी मेले में दिखा DM-SP का अलग अंदाज, ‘दोस्ताना’ गाने पर झूमे लोग

Share This

अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में आयोजित तिगरी गंगा मेले में शनिवार शाम कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिले के जिलाधिकारी (DM) डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक (SP) लखन सिंह ने अपनी गायकी से खूब तालियां बटोरीं। दोनों अधिकारियों ने बॉलीवुड के मशहूर गाने ‘बने चाहे दुश्मन जमाना हमारा, सलामत रहे दोस्ताना हमारा…’ को अपनी आवाज में पेश किया। उनकी जुगलबंदी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

शनिवार शाम का है वीडियो

दरअसल, शनिवार शाम तिगरी मेले में ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था। मंच पर गायक और गायिकाएं हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय गाने सुना रहे थे। इसी दौरान एक गायक की नजर सामने बैठकर कार्यक्रम का आनंद ले रहे डीएम और एसपी पर पड़ी। उसने दोनों अधिकारियों से भी एक गाना सुनाने की फरमाइश कर दी। इसके बाद अधिकारियों ने भी गायक की बात मान ली और फिल्म ‘दोस्ताना’ का सदाबहार गीत गाना शुरू कर दिया।

वीडियो वायरल

मोहम्मद रफी और किशोर कुमार की आवाज में मशहूर हुए इस गाने को दोनों अधिकारियों ने जिस अंदाज में पेश किया, उसे सुनकर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में मौजूद कलाकारों ने भी इस पल का आनंद लिया। अधिकारियों की इस जुगलबंदी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यूपी पुलिस ने भी इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *