काशी में देव दीपावली पर पानी के बीच बनेगा थाना, जवानों को सिखाया जा रहा है ‘सर-मैडम’ कहना

Share This

 

वाराणसी। काशी की देव दीपावली इस बार सिर्फ दीयों के लिए नहीं, बल्कि पुलिस के नए अंदाज के लिए भी याद की जाएगी। घाटों पर जब 11 लाख दीये जलेंगे, तो गंगा के बीच में पुलिस का एक चलता-फिरता ठिकाना भी तैनात मिलेगा।

चेकिंग पर निकले सीपी

रविवार दोपहर अफसरों ने खुद नाव में बैठकर पूरा इलाका घूमा। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के साथ मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन और डीएम सत्येंद्र कुमार भी थे। गोदौलिया से शुरू हुआ ये दौरा चेतसिंह घाट से होते हुए नमोघाट तक गया। अफसर ये देखने निकले थे कि भीड़ कहां सबसे ज्यादा फंसेगी, नावें कहां से निकलेंगी और खतरा कहां है।

निरीक्षण के बाद तय हुआ कि इस बार पानी में ही पुलिस की एक अस्थायी चौकी तैराई जाएगी। उस पर बचाव वाली नाव और जरूरी सामान रहेगा। मकसद ये है कि अगर पानी में कोई हादसा हो, तो मदद के लिए किनारे से किसी के आने का इंतजार न करना पड़े, मदद वहीं से निकल जाए।

नाव चलाने वालों के लिए भी सख्ती होगी। पानी में रस्सी-बैरिकेड से आने और जाने का रास्ता अलग किया जाएगा। एक नाव में जितनी जगह है, उससे एक भी आदमी ज्यादा नहीं बैठेगा। जो नाव में बैठेगा, उसे जैकेट पहननी ही होगी।

जमीन पर भी बड़ी फौज उतरेगी। दो दर्जन से ज्यादा आईपीएस अफसर, आधा सैकड़ा पीपीएस अफसर और तीन हजार से ज्यादा सिपाही घाटों पर रहेंगे। उनके साथ अर्धसैनिक बल, पीएसी और तुरंत पहुंचने वाली टीमें भी होंगी। पूरे घाट क्षेत्र को छोटे-छोटे हिस्सों में बांट दिया गया है, ताकि हर हिस्से की जिम्मेदारी तय हो। आसमान से ड्रोन और घाटों पर लगे कैमरे पल-पल की खबर कंट्रोल रूम को देंगे।

शहर में गाड़ियों का रास्ता भी बदला जाएगा। बड़े मालवाहक वाहनों को उस दिन शहर में आने नहीं दिया जाएगा। बाहर से आने वाली गाड़ियों को तय जगहों पर ही रोकना होगा।

अलग होगी पुलिस की बात

लेकिन इस बार सबसे अलग बात पुलिस के व्यवहार की है। ड्यूटी पर लगने वाले जवानों को अलग से समझाया जा रहा है कि बाहर से आने वाला हर आदमी मेहमान है। उससे सख्ती से नहीं, इज्जत से बात करनी है। ‘सर’ और ‘मैडम’ कहकर बात करने की खास ट्रेनिंग दी जा रही है।

देव दीपावली की रात लेजर शो तीन बार दिखाया जाएगा। गंगा आरती, आतिशबाजी, ड्रोन शो और महोत्सव भी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *