Bijnor SP केके बिश्नोई ने की बाइक सवारों से खास अपील, हेलमेट को बताया जीवन का ‘स्क्रीन गार्ड’

Share This

बिजनौर। जिले में हाल में हुई सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाइक सवारों से जुड़े हादसों में हेलमेट न पहनना एक प्रमुख कारण के रूप में सामने आ रहा है। ऐसे में वाहन चलाते समय हेलमेट को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं करनी चाहिए।

एसपी केके बिश्नोई ने लोगों को जागरूक करते हुए हेलमेट की तुलना मोबाइल के स्क्रीन गार्ड से की। उन्होंने कहा कि लोग अपने मोबाइल की सुरक्षा के लिए स्क्रीन गार्ड जरूर लगाते हैं, लेकिन अपने जीवन का ‘स्क्रीन गार्ड’ यानी हेलमेट यात्रा के दौरान नहीं पहनते। यह बेहद चिंताजनक है।

लोगों से की अपील

उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन पर सफर करते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी हेलमेट जरूर लगाए। पुलिस की ओर से 4 अक्टूबर 2026, रविवार तक हेलमेट को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान लोगों को यातायात नियमों और हेलमेट के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।

एसपी ने स्पष्ट किया कि जागरूकता अभियान के बाद हेलमेट नियम का शत-प्रतिशत पालन कराने पर जोर दिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान के साथ नियमानुसार वाहन सीज करने और लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा सकती है।

बच्चों को रखें दूर

एसपी ने अभिभावकों से भी अपील की कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन न दें। इसके अलावा बाइक पर ट्रिपल राइडिंग से बचने की भी सलाह दी गई है।

बिजनौर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार को भी सुरक्षित रखें। वाहन चलाते समय हेलमेट, सीट बेल्ट समेत सभी यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *