28 पदोन्नत आईपीएस अधिकारियों की नई तैनाती जल्द, कई जिलों के पुलिस कप्तान बदलने की तैयारी

Share This

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी चल रही है। प्रदेश के 28 पीपीएस अधिकारियों के आईपीएस पद पर पदोन्नत होने के बाद अब उनकी नई तैनाती को लेकर शासन और पुलिस मुख्यालय में मंथन तेज हो गया है। माना जा रहा है कि इस फेरबदल के दौरान कई जिलों के पुलिस प्रमुख (एसपी/एसएसपी) भी बदले जा सकते हैं।

इनका नाम शामिल

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने एक जुलाई को विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की सिफारिश के आधार पर राज्य के 28 पीपीएस अधिकारियों को आईपीएस पद पर पदोन्नत किया था। इनमें कमल किशोर, सुरेश चन्द्र रावत, शुएब इकबाल, राहुल मिठास, आलोक कुमार शर्मा, राज कुमार, महेश सिंह अत्रि, विनीत भटनागर, जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, शशि शेखर सिंह, कुलदीप सिंह, ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद, हरेन्द्र प्रताप यादव, वंशराज सिंह यादव, डॉ. कृष्ण गोपाल, मधुवन कुमार सिंह, कपिल देव सिंह, बलवंत कुमार चौधरी, राहुल श्रीवास्तव, राजेश कुमार पांडेय, प्रीति बाला गुप्ता, विकास चन्द्र त्रिपाठी, पुर्णेन्दु सिंह, हरेन्द्र कुमार, मार्तण्ड प्रकाश सिंह, अभय नाथ त्रिपाठी, पवित्र मोहन त्रिपाठी और देवेश कुमार शर्मा शामिल हैं।

भेजा जा चुका है प्रस्ताव

सूत्रों के अनुसार, इन अधिकारियों की नई तैनाती के लिए पुलिस मुख्यालय शासन को प्रस्ताव भेज चुका है। संभावना है कि पदोन्नत हुए कई आईपीएस अधिकारियों को उन जिलों की कमान सौंपी जाएगी, जहां लंबे समय से पुलिस प्रमुख तैनात हैं या कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।

इसके अलावा डीजी फायर सर्विस सुजीत पांडेय के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने से रिक्त हुए डीजी स्तर के पद पर भी जल्द नियुक्ति की तैयारी है। बताया जा रहा है कि लखनऊ के पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर को इस पद पर पदोन्नत किया जा सकता है। ऐसे में प्रदेश में जल्द ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादलों और नई तैनातियों की सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *