यूपी पुलिस SI भर्ती 2025 का अंतिम परिणाम जारी, 4543 अभ्यर्थियों का चयन

Share This

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। बोर्ड की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, लिखित परीक्षा, मेरिट और आरक्षण के लंबवत एवं क्षैतिज नियमों के आधार पर कुल 4543 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है।

भर्ती बोर्ड ने दी जानकारी

बोर्ड के अनुसार, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के लिए लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में सफल रहे अभ्यर्थियों के लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों (स्कोर), श्रेष्ठताक्रम और आरक्षण नियमों के अनुसार अंतिम चयन सूची तैयार की गई। पदवार समेकित एवं श्रेणीवार चयन सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।

चयनित अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in तथा भर्ती परीक्षा के पोर्टल पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। बोर्ड ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

इसके साथ ही बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि लिखित परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों के प्रसामान्यीकृत अंक (Normalised Score) 22 जुलाई 2026 से बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए एक अलग लिंक सक्रिय किया जाएगा, जहां अभ्यर्थी अपने सामान्यीकृत अंक ऑनलाइन देख सकेंगे।

अभ्यर्थियों से की अपील

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परिणाम और भर्ती प्रक्रिया से संबंधित सभी जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। अंतिम चयन सूची जारी होने के साथ ही भर्ती प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *