अमरोहा में नशे में धुत हेड कांस्टेबल का तांडव, कार से चार लोगों को कुचला और हाईवे पर दौड़ाई रॉन्ग साइड गाड़ी

Share This

अमरोहा में नशे में धुत हेड कांस्टेबल ने करीब दो घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। डिडौली कस्बे में सोमवार रात नशे की हालत में हेड कांस्टेबल संजीव तोमर ने कार से चार लोगों को टक्कर मारकर घायल कर दिया। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर तक रॉन्ग साइड में कार दौड़ाता रहा। इस दौरान उसने सामने से आ रही एक बाइक को भी तेज रफ्तार से टक्कर मार दी, जिसमें पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

कैसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की शुरुआत डिडौली कस्बे में चामुंडा माता मंदिर के पास हुई। हेड कांस्टेबल संजीव तोमर ने अपनी कार सड़क के बीचों-बीच खड़ी कर रखी थी। इसी दौरान बाइक से परिवार के साथ जा रहे अमित कुमार ने रास्ता देने के लिए कार हटाने को कहा। आरोप है कि नशे में धुत संजीव तोमर ने गाली-गलौज करते हुए अमित पर कार चढ़ा दी। कार का पहिया चढ़ने से अमित का पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। मदद के लिए पहुंचे रविंद्र को भी आरोपी ने कार से टक्कर मार दी।

इसके बाद आरोपी ने अपनी कार ट्रैक्टर से टकरा दी, जिससे कार का टायर फट गया। इसके बावजूद उसने फटे टायर के साथ हाईवे पर रॉन्ग साइड कार दौड़ाना जारी रखा। करीब पांच किलोमीटर तक तेज रफ्तार में कार चलाते हुए उसने शाहजहांपुर निवासी शवीर सिंह और उनके पिता सुधीर सिंह की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुधीर सिंह को कई जगह फ्रैक्चर हुआ, जबकि शवीर भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वाहनों से पीछा कर जोया टोल प्लाजा पर आरोपी को घेर लिया। भीड़ ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हेड कांस्टेबल संजीव तोमर के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

एसपी ने कहा ये

अमरोहा एसपी लखन सिंह यादव ने आरोपी को निलंबित करने की जानकारी देते हुए कहा कि मामले की विभागीय जांच जारी है और जांच के बाद बर्खास्तगी की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी अनुशासनहीनता के मामले में लाइन हाजिर हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *