यूपी पुलिस में खिलाड़ियों की सीधी भर्ती का परिणाम घोषित, 470 अभ्यर्थी चयनित

Share This

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) ने वर्ष 2023 की कुशल खिलाड़ी सीधी भर्ती का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। बोर्ड ने उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) और सिपाही (नागरिक पुलिस एवं पीएसी) के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की है। बोर्ड अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवा करने का संदेश दिया।

अधिकारियों ने दी जानकारी 

बोर्ड के अपर सचिव (भर्ती) सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) के 91 स्वीकृत पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की गई। इनमें 56 पद पुरुष और 35 पद महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित थे। सभी चरणों के बाद 43 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ, जिनमें 23 पुरुष और 20 महिलाएं शामिल हैं।

वहीं, सिपाही (नागरिक पुलिस एवं पीएसी) के 546 पदों के सापेक्ष 427 खिलाड़ियों को अंतिम रूप से चयनित किया गया है। इनमें 280 पुरुष और 147 महिला अभ्यर्थी हैं। पुरुष वर्ग में 148 अभ्यर्थियों को नागरिक पुलिस तथा 132 को पीएसी में नियुक्ति के लिए चुना गया है।

भर्ती प्रक्रिया प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पुलिस विभाग में अवसर देने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। इसमें कुल 25 खेल विधाओं के आधार पर चयन किया गया। पुरुष वर्ग के लिए सभी 25 खेलों में भर्ती हुई, जबकि महिला वर्ग में 23 खेल विधाओं को शामिल किया गया।

 ये लिस्ट भी जारी

बोर्ड ने 27 अभ्यर्थियों की एक प्रोविजनल चयन सूची भी जारी की है। इसमें उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) के सात, सिपाही (नागरिक पुलिस) के 19 तथा पीएसी का एक अभ्यर्थी शामिल है। इन अभ्यर्थियों का अंतिम चयन आवश्यक अभिलेखों के सत्यापन और अन्य औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद ही प्रभावी माना जाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *