नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर अनुराग कुमार ने पदभार संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर अपना पहला बड़ा प्रशासनिक एक्शन लेते हुए शनिवार तड़के जंतर-मंतर पर आमरण अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई कराई। इस ऑपरेशन को दिल्ली पुलिस ने पूरी गोपनीयता और रणनीति के साथ अंजाम दिया।
आज सुबह हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को कमिश्नर का कार्यभार संभालने के बाद अनुराग कुमार ने नई दिल्ली रेंज के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जंतर-मंतर की स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों को सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य, धरनास्थल की गतिविधियों और कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए। इसके बाद शनिवार तड़के सादी वर्दी में पुलिसकर्मी धरनास्थल पहुंचे और बिना किसी बड़े टकराव के वांगचुक को सरकारी अस्पताल ले गए।
दिल्ली पुलिस ने इस कार्रवाई को सोनम वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति और दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप बताया। नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि वांगचुक को उनके स्वास्थ्य और मेडिकल कंडीशन को देखते हुए उचित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
इसलिए लिया गया फैसला
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब संसद का मानसून सत्र शुरू होने वाला है और वांगचुक के समर्थन में आंदोलन तेज होने के संकेत मिल रहे थे। सप्ताहांत में जंतर-मंतर पर समर्थकों और विपक्षी नेताओं की संख्या बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही थी। ऐसे में नए पुलिस नेतृत्व के तहत दिल्ली पुलिस ने संभावित कानून-व्यवस्था की चुनौती को देखते हुए त्वरित निर्णय लिया।