दिल्ली पुलिस का दावा: हाईकोर्ट के निर्देश और डॉक्टरों की सलाह पर सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया

Share This

 

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले जाने की कार्रवाई को लेकर अपना आधिकारिक पक्ष जारी किया है। पुलिस का कहना है कि शनिवार सुबह दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों तथा नियमित निर्धारित मेडिकल जांच के तहत डॉक्टरों की टीम सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंची थी।

दिल्ली पुलिस ने कहा ये

दिल्ली पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने डॉक्टरों की प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न की, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के बीच वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को प्राथमिकता दी गई।

पुलिस के बयान के मुताबिक, डॉक्टरों ने सोनम वांगचुक की नाजुक स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे की चिकित्सकीय जांच और आवश्यक उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उनका परीक्षण किया।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में लंबे समय तक उपवास रहने के कारण वांगचुक में कमजोरी और डिहाइड्रेशन (निर्जलीकरण) के लक्षण पाए गए हैं। फिलहाल उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही आवश्यक मेडिकल जांच भी जारी है।

डॉक्टर कर रहे निगरानी

पुलिस ने अपने बयान में कहा कि सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने का निर्णय पूरी तरह डॉक्टरों की सलाह और दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप लिया गया। पुलिस का कहना है कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए आवश्यक चिकित्सकीय हस्तक्षेप सुनिश्चित किया गया है। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं और आगे का उपचार मेडिकल टीम की सलाह के अनुसार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *