लखनऊ। राष्ट्रमंडल खेल-2026 में जूडो की महिला 48 किलोग्राम भार वर्ग में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस की उपनिरीक्षक और अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी अस्मिता डे ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने अस्मिता डे को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रमंडल खेल-2026 में हासिल किया पदक
गाजियाबाद पुलिस लाइन में तैनात अस्मिता डे ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल प्रतिभा के दम पर राष्ट्रमंडल खेल-2026 में देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से भारत के साथ-साथ उत्तर प्रदेश पुलिस का भी गौरव बढ़ा है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उनकी इस ऐतिहासिक सफलता की सराहना की गई।
मुलाकात के दौरान पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण, पुलिस महानिदेशक पीएसी आलोक सिंह तथा पुलिस महानिरीक्षक, मध्य जोन पीएसी एवं उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के सचिव डॉ. प्रीतिंदर सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अस्मिता की खेल उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। अस्मिता की सफलता को उत्तर प्रदेश पुलिस की खेल प्रतिभाओं के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
डीजीपी ने किया सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अस्मिता डे को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए DGP Commendation Disc (Gold) से सम्मानित किया गया। उन्हें विशेष सम्मान के तौर पर स्मृति-चिह्न भी भेंट किया गया।
अस्मिता डे मुख्यमंत्री की ‘कुशल खिलाड़ी’ योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस से जुड़ी हैं। खेल के साथ पुलिस सेवा की जिम्मेदारी निभाते हुए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उनकी उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को संस्थागत सहयोग और उचित अवसर मिलने पर वे खेल के साथ वर्दी की गरिमा को भी नई ऊंचाई दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री से मुलाकात और पुलिस मुख्यालय में मिले सम्मान के बाद अस्मिता डे की उपलब्धि एक बार फिर चर्चा में है। उनकी सफलता उत्तर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों और पुलिस बल के अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।