हमीरपुर में एक दारोगा पर रुपये मांगने और रकम न देने पर जेल भेजने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। महिला की शिकायत पर सदर कोतवाली पुलिस ने दारोगा नवीन त्रिपाठी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई के साथ ही एसपी मृगांक शेखर पाठक ने अब दारोगा को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस अब पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।
ये है मामला
मामला रमेड़ी तरौस मोहल्ले की रहने वाली रश्मि शर्मा उर्फ अनुष्का शर्मा की शिकायत से जुड़ा है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति रोहित शर्मा मौदहा में एक निजी क्लिनिक में वार्ड ब्वॉय के रूप में कार्य करता है। कुछ समय पहले कलौलीतीर निवासी मोनू प्रजापति के हाथ में चोट लगी थी। मोनू ने इलाज के लिए रोहित से डॉक्टर के बारे में जानकारी ली थी। रोहित ने उसे कानपुर के किदवई नगर स्थित अस्पताल और एलएलआर अस्पताल का पता बताया था।
शिकायत के मुताबिक, कानपुर में इलाज कराने के बावजूद मोनू का हाथ ठीक नहीं हुआ। इसके बाद उसने रोहित पर इलाज संबंधी आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत कर दी। इसी प्रकरण में दारोगा नवीन त्रिपाठी जांच कर रहे थे।
महिला का आरोप है कि मामले को खत्म कराने के नाम पर रोहित से 50 हजार रुपये देने की बात कही गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच रकम देने को लेकर सहमति बनी। आरोप के अनुसार, रोहित ने 10 हजार रुपये मोनू के खाते में और इतनी ही रकम लल्ला अवस्थी के खाते में ऑनलाइन भेजी। महिला का दावा है कि यह रकम बाद में दारोगा तक पहुंचाई गई। चार हजार रुपये नकद देने का भी आरोप लगाया गया है।
10 अगस्त को केस हुआ था दर्ज
महिला ने बताया कि छह अगस्त को दारोगा उसके घर पहुंचे और रुपये नहीं देने पर पति को जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद उसने 30 हजार रुपये नकद दिए। आरोप है कि इसके बावजूद बाकी रकम की मांग जारी रही।
शिकायत के अनुसार, 10 अगस्त की रात रोहित को घर से थाने लाया गया और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया। कोतवाल रामआसरे सरोज ने बताया कि दारोगा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपों की जांच की जा रही है।