फतेहपुर: खाकी का मानवीय चेहरा, भटकी छात्रा को 10 KM दूर परीक्षा केंद्र पहुंचाया

Share This

 

फतेहपुर। अक्सर सख्त मिजाज के लिए जानी जाने वाली खाकी ने मानवता की मिसाल पेश की है। PET परीक्षा देने प्रयागराज से फतेहपुर आई एक छात्रा मुसीबत में फंस गई थी, तो ट्रैफिक पुलिस उसके लिए फरिश्ता बनकर सामने आई।

ये है मामला 

मामला बिंदकी इलाके का है। प्रयागराज से एक छात्रा PET परीक्षा देने आई थी। उसका सेंटर GIC बिंदकी में था। चौड़गरा चौराहे तक तो वह पहुंच गई, लेकिन आगे परीक्षा केंद्र तक जाने के लिए उसे कोई साधन नहीं मिल रहा था। परीक्षा का समय नजदीक आता देख वह घबराने लगी और रोने लगी।

उसी चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस के मुख्य आरक्षी पुष्पेंद्र सिंह की नजर छात्रा पर पड़ी। उन्होंने वजह पूछी तो छात्रा ने अपनी परेशानी बताई। बिना देर किए पुष्पेंद्र ने मानवता दिखाते हुए अपने निजी वाहन से छात्रा को 10 किलोमीटर दूर GIC बिंदकी परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया। समय पर केंद्र पहुंचने से छात्रा परीक्षा में शामिल हो सकी।

परीक्षा देने के बाद छात्रा ने फतेहपुर पुलिस और पुष्पेंद्र का आभार जताया। इस घटना की जानकारी जब SP अभिमन्यु मांगलिक को मिली तो उन्होंने मुख्य आरक्षी के इस कार्य की सराहना की।

एसपी ने कहा ये

SP ने कहा कि पुलिस का काम सिर्फ चालान करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद की मदद करना भी है। उन्होंने मुख्य आरक्षी पुष्पेंद्र सिंह को 5,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। फतेहपुर पुलिस के इस मानवीय चेहरे की हर तरफ तारीफ हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *