उत्तर प्रदेश में होमगार्ड्स के 41,424 रिक्त पदों पर एनरोलमेंट की प्रक्रिया पूरी हो गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में रिक्त पदों के सापेक्ष चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। अभ्यर्थी अपना चयन परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
बोर्ड की ओर से 18 नवंबर 2025 को होमगार्ड संवर्ग में एनरोलमेंट-2025 के लिए विज्ञप्ति जारी की गई थी। इसके तहत प्रदेश के सभी जनपदों में कुल 41,424 रिक्त पदों पर ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
75 जिलों में 41,424 अभ्यर्थियों का चयन
चयन प्रक्रिया के तहत पहले लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों के अभिलेखों की संवीक्षा, शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई गई। इन सभी चरणों में सफल पाए गए अभ्यर्थियों को अंतिम चयन प्रक्रिया में शामिल किया गया।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों के लिखित परीक्षा में प्राप्त प्रसामान्यीकृत अंक (Normalised Score) के आधार पर मेरिट तैयार की। इसके साथ ही आवेदन पत्र के साथ लगाए गए अधिमानी अर्हता से संबंधित प्रमाणपत्रों के आधार पर निर्धारित अतिरिक्त अंक भी जोड़े गए। इसके बाद उत्तर प्रदेश शासन की ओर से समय-समय पर जारी आरक्षण नीति के प्रावधानों के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
बोर्ड ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों की कुल 41,424 रिक्तियों के सापेक्ष इतने ही यानी 41,424 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची जनपदवार श्रेष्ठताक्रम (Merit) के आधार पर तैयार की गई है।
वेबसाइट पर देख सकेंगे चयन सूची
अभ्यर्थी अपना जनपदवार चयन परिणाम और मेरिट सूची उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर देख सकते हैं। सूची में विज्ञापित रिक्तियों के सापेक्ष चयनित अभ्यर्थियों का विवरण उपलब्ध कराया गया है।