कानपुर में महिला पुलिसकर्मी की मौत के मामले में पुलिस ने उसके परिचित रहे एक कोचिंग शिक्षक को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से फोन पर बातचीत होती थी। महिला सिपाही के परिवार में उसकी शादी के लिए रिश्ते देखे जा रहे थे। इसी दौरान शिक्षक के साथ उसका विवाद बढ़ने लगा। पुलिस ने आरोपी पर महिला को मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है।
ये है मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपी विक्रम सिंह चंदेल की उम्र 43 वर्ष है और वह फिजिकल ट्रेनिंग एकेडमी चलाता था। प्रतीक्षा सिंह वर्ष 2022 में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उसकी एकेडमी से जुड़ी थीं। इसी दौरान दोनों परिवारों के बीच परिचय बढ़ा। समय के साथ विक्रम का प्रतीक्षा के घर आना-जाना भी होने लगा।
कुछ समय बाद प्रतीक्षा का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद के लिए हो गया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें अमेठी के मोहनगंज थाने में तैनाती मिली। नौकरी शुरू होने के बाद भी आरोपी से उनका संपर्क बना रहा। पुलिस का दावा है कि विक्रम लगातार फोन के जरिए उनसे संपर्क करता था।
जांच में यह भी सामने आया कि प्रतीक्षा की शादी के लिए परिवार की ओर से बातचीत चल रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों में तनाव बढ़ गया था। पुलिस के मुताबिक, मौत से पहले करीब छह-सात दिनों तक फोन पर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ।
30 सितंबर को प्रतीक्षा छुट्टी लेकर अपने गांव पहुंची थीं। घर आने के बाद वह अपने कमरे में चली गईं। कुछ समय बाद उनकी बहन कमरे में पहुंची तो उन्हें मृत पाया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान खुली पोल
जांच के दौरान महिला सिपाही के फोन की कॉल डिटेल पुलिस के लिए अहम सुराग बनी। पुलिस का कहना है कि रिकॉर्ड से आरोपी के लगातार संपर्क में रहने की जानकारी मिली। इसके बाद मृतका के पिता की शिकायत पर केस दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विक्रम सिंह चंदेल को गोरा मोड़ के पास से पकड़ लिया। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।