Basti: छुट्टी की अर्जी नहीं पहुंचाने पर दो पुलिसकर्मी निलंबित, महिला सिपाही की मौत मामले में जांच तेज

Share This

 

 

बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में 28 वर्षीय महिला सिपाही केसरी वर्मा की मौत के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लालगंज थाने में तैनात कांस्टेबल अब्बास अली और दीपक मिश्रा को निलंबित कर दिया गया है। दोनों पर आरोप है कि महिला सिपाही द्वारा इलाज के लिए दी गई छुट्टी की अर्जी वरिष्ठ अधिकारी तक नहीं पहुंचाई गई।

मामले की जांच हर्रैया के पुलिस क्षेत्राधिकारी कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छुट्टी की अर्जी को आगे नहीं भेजने में किस स्तर पर लापरवाही हुई और इसका केसरी वर्मा की मौत से क्या संबंध था।

ये है मामला 

जानकारी के मुताबिक, 22 अगस्त को छुट्टी के बाद प्रतापगढ़ स्थित अपने घर से ड्यूटी पर लौटते समय केसरी वर्मा हादसे का शिकार हो गई थीं। स्कूटी से गिरने के कारण उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगी थी। उपचार के दौरान उनके सिर में टांके लगाए गए और सीटी स्कैन भी कराया गया। परिजनों के अनुसार, जांच में उस समय कोई गंभीर समस्या सामने नहीं आई, जिसके बाद वह लालगंज थाने लौट आई थीं।

महिला सिपाही के पति और कांस्टेबल नागेंद्र वर्मा का आरोप है कि उपचार के लिए छुट्टी लेने के उद्देश्य से केसरी ने अपनी अर्जी अब्बास अली और दीपक मिश्रा को दी थी। आरोप है कि दोनों ने यह अर्जी वरिष्ठ अधिकारी तक नहीं पहुंचाई।

शनिवार को हुई मृत्यु

बाद में शनिवार रात ड्यूटी पूरी कर लौटे नागेंद्र ने केसरी की हालत गंभीर देखी और उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अब दोनों पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद मामले की जांच महत्वपूर्ण हो गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *