कन्नौज में वोटिंग के बीच हंगामा हो गया। सदर ब्लॉक के मतदान केंद्र पर एक भाजपा नेता को मोबाइल के साथ अंदर जाने से रोकना पुलिसकर्मी को भारी पड़ गया।
पुलिसकर्मी ने नियम बताया तो नेताजी भड़क गए और बोले- नौकरी करना सिखा देंगे। देखते ही देखते दोनों में बहस तेज हो गई। केंद्र के बाहर भीड़ लग गई और अफरा-तफरी मच गई।
ये है मामला
मामला स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के मतदान का है। चुनाव आयोग के नियम के मुताबिक मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाना मना है। ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने इसी नियम का पालन कराते हुए नेता को गेट पर ही रोक दिया।
बताया जा रहा है कि नेता मानने को तैयार नहीं थे। वह मोबाइल लेकर ही अंदर जाने की जिद पर अड़े रहे। रोके जाने पर उन्होंने सिपाही पर रौब गांठना शुरू कर दिया और धमकाने लगे। हंगामा बढ़ता देख वहां मौजूद मतदाता भी ठिठक गए।
सूचना पर एसडीएम और सीओ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया और स्थिति को संभाला। इसके बाद मतदान दोबारा शुरू हो सका।
वीडियो हुआ वायरल
इधर इस पूरे वाकये का वीडियो किसी ने मोबाइल से बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में नेता सिपाही को धमकाते हुए साफ दिख रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही चर्चा तेज हो गई है।
प्रशासन का कहना है कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चुनाव में नियम सबके लिए एक समान हैं, चाहे वह आम मतदाता हो या कोई नेता।