गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर GRP की गुंडई, 17 साल के लड़के को डंडे से पीटा, वीडियो से खुला राज

Share This

 

गाजियाबाद। यहां जीआरपी थाने के अंदर एक नाबालिग की पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिसकर्मी ने थाने के गेट पर ही किशोर को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। सोच रहा था कि रात में कोई देख नहीं रहा, लेकिन एक यात्री ने ट्रेन से पूरा वाकया रिकॉर्ड कर लिया।

ये है मामला 

घटना गुरुवार देर रात की है। करीब डेढ़ बजे एक 17 साल का लड़का EMU से प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर उतरा। वहां मौजूद सिपाही सिकंदर कुमार ने उसे रोका। लड़का डर के मारे भागने लगा। सिपाही ने पीछा कर उसे पकड़ा और संदिग्ध बताकर थाने में बैठा लिया।

इसके बाद रात ढाई बजे सिपाही ने थाने के बाहर ही डंडे से उसे पीटना शुरू कर दिया। उस वक्त प्लेटफॉर्म खाली था। पास में खड़ी ट्रेन में बैठे यात्री ने मोबाइल से जूम कर 25 सेकंड का वीडियो बना लिया और इंटरनेट पर डाल दिया।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि किशोर बेबस है और सिपाही लगातार डंडा मार रहा है। दावा किया जा रहा है कि लड़के पर कोई केस नहीं था, फिर भी उसे पीटा गया।

एसपी ने की कार्रवाई 

मामला एसपी आशुतोष शुक्ला तक पहुंचा तो उन्होंने सिपाही को तुरंत लाइन हाजिर कर दिया। जांच डीएसपी अशोक सिसौदिया को दी गई है।

जांच में एक और लापरवाही सामने आई। पिटाई के बाद किशोर को ऐसे ही छोड़ दिया गया। थाने के रजिस्टर में उसका नाम-पता तक नहीं लिखा गया। अब पुलिस को उसी लड़के को ढूंढने में पसीना आ रहा है, जिसे उसने पीटा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *