कुशीनगर के पडरौना में पुलिस अधीक्षक (एसपी) केशव कुमार ने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार देर रात एक निरीक्षक, चार उपनिरीक्षक (दारोगा) और 23 सिपाहियों सहित कुल 28 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि जिन पुलिसकर्मियों के कार्यों की समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आई, उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है।
देखें लिस्ट
लाइन हाजिर किए गए अधिकारियों में चुनाव सेल प्रभारी निरीक्षक मनोज पंत, हनुमानगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक संतोष यादव, पडरौना कोतवाली के उपनिरीक्षक अजय सिंह, पटहेरवा थाने के राहुल राय तथा तरयासुजान थाने के नागेंद्र गौड़ शामिल हैं। इनके अलावा विभिन्न थानों में तैनात 23 सिपाहियों को भी अपने दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में लाइन हाजिर किया गया है।
इनमें रामशंकर यादव, आशुतोष कुमार द्विवेदी, जयराम यादव, धर्मेंद्र सिंह, सुरेंद्र कुमार, शिव कुमार यादव, जालंधर चौहान, अरुण कुमार, विवेक कुमार राय, मदन प्रसाद, आदित्य राजभर, अरविंद यादव, विजय कुमार यादव, रवि सिंह, मोहम्मद अकबर खान, रामभोज साहनी, सोनू भारती, धर्मचंद्र राय, लक्ष्मण यादव, सचिन कुमार यादव, आशुतोष विश्वकर्मा, सूर्यनाथ यादव और संदीप शर्मा के नाम शामिल हैं।
एसपी ने कहा ये
एसपी केशव कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन और जिम्मेदारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी का अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और पूरी निष्ठा के साथ पालन करना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यदि किसी पुलिसकर्मी की कार्यशैली में लापरवाही या अनुशासनहीनता पाई गई तो उसके खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।