अलीगढ़ में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नीरज कुमार जादौन ने सारसौल चौराहे का निरीक्षण किया तो वहां यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई मिली। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी थी, जबकि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ट्रैफिक सुचारु कराने के बजाय अपनी जिम्मेदारी के प्रति उदासीन नजर आए। यह स्थिति देखते ही एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान हुई कार्रवाई
एसएसपी गभाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का निरीक्षण करने जा रहे थे। इसी दौरान उनका काफिला सारसौल चौराहे से होकर गुजरा। मौके पर भारी जाम लगा था और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अधिकारियों की मौजूदगी का एहसास होते ही पुलिसकर्मी सक्रिय हुए और यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गए, लेकिन तब तक उनकी लापरवाही सामने आ चुकी थी।
निरीक्षण के बाद एसएसपी ने मौके पर तैनात एसआई दौलतराम, हेड कांस्टेबल पवन कुमार, हेड कांस्टेबल विमलेश, कांस्टेबल सूरज चौधरी और कांस्टेबल अमरपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके अलावा गभाना थाना क्षेत्र के वीरपुरा बाजार में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पाने और कार्य में लापरवाही पाए जाने पर चौकी प्रभारी एसआई मोहित कुमार के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई।
एसएसपी ने कहा ये
एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि पुलिसकर्मियों से अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपेक्षा की जाती है। ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।