बहराइच: एसपी का बड़ा एक्शन, 30 पुलिसकर्मियों के तबादले, तीन साल से जमे विवादित चौकी प्रभारी भी हटे

Share This

बहराइच। जिले की पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए 30 पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया है। इस सूची में निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षी शामिल हैं। लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात कई पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

देखें नाम

जानकारी के मुताबिक, सबसे ज्यादा चर्चा रुपईडीहा क्षेत्र में करीब तीन साल से तैनात रहे और अपने कार्यशैली को लेकर विवादों में रहने वाले चौकी प्रभारी जितेश कुमार सिंह के तबादले की हो रही है। उन्हें सीतापुरवा चौकी से हटाकर फखरपुर थाने भेज दिया गया है।

तबादला सूची के अनुसार पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक सुमन सिंह को महिला थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि महिला थाना प्रभारी विनीता रावत को प्रकोष्ठ में भेजा गया है। वहीं जयपाल को अपराध निरीक्षक खैरीघाट और सजनू यादव को कोतवाली देहात का अपराध निरीक्षक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा हरिद्वार तिवारी को रानीपुर, विकास कुमार वर्मा को राजा बाजार चौकी, दीपक गिरि को कानूनगोपुरा चौकी, अरुण सिंह को सीतापुरवा चौकी, दिलीप सिंह को घाघराघाट चौकी, अमित कुमार सिंह को गुरगुट्टी चौकी तथा अनिल यादव को फखरपुर थाने में नई तैनाती दी गई है। कई अन्य उपनिरीक्षकों, मुख्य आरक्षियों और आरक्षियों को भी पुलिस लाइन से विभिन्न थानों और चौकियों पर भेजा गया है।

महत्वपूर्ण है ये तबादला

पुलिस महकमे में इस व्यापक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे पुलिसकर्मियों की कार्यशैली की समीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। खास तौर पर विवादों में रहे चौकी प्रभारी का हटाया जाना चर्चा का विषय बना हुआ है। माना जा रहा है कि एसपी का यह कदम जिले में पुलिसिंग को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *