संभल, जो पहले दंगों की चपेट में आ चुका है, वहां प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। इसी के चलते अब रमजान 2025 की शुरुआत से पहले पश्चिमी यूपी के संभल में पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया है। शाही जामा मस्जिद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रमजान के पहले ही इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके।
सतर्क है पुलिस बल
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा के मद्देनजर रमजान की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शाही जामा मस्जिद का दौरा किया। दरअसल इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश के तहत, मस्जिद की सुरक्षा की निगरानी के लिए एक तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल ने निर्देश दिया है कि यह कार्य मस्जिद को किसी भी नुकसान पहुंचाए बिना पूरा किया जाए।
ऐसे में अब संभल पुलिस हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि रमजान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। यदि किसी ने अशांति फैलाने की कोशिश की, तो पुलिस सख्ती से निपटेगी। संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और स्थानीय प्रशासन भी सतर्क है।
एएसपी ने दी जानकारी
एएसपी श्रीश चंद्रा ने स्पष्ट किया है विवादित स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि शांति बनाए रखी जाए। सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी भी की जा रही है।” रमजान के मद्देनजर, प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय समुदाय से भी सहयोग की अपील की है। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के साथ, प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी अप्रिय घटना के बिना रमजान 2025 का शांतिपूर्ण समापन हो।