मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर कांवड़ मार्ग पर स्थित मीट की दुकानों और नॉनवेज होटलों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का पूरा सम्मान किया जाए।
एएसपी ने कहा ये
इसी क्रम में मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) सिद्धार्थ के. मिश्रा ने मीनाक्षी चौक क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर संचालित मीट की दुकानों और नॉनवेज होटल संचालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी हालत में मीट खुले में दिखाई नहीं देना चाहिए। दुकानदारों को मीट को हरे या अन्य उपयुक्त कपड़े से पूरी तरह ढककर रखने के लिए कहा गया है, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असहज स्थिति उत्पन्न न हो।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को यह भी बताया कि जिला प्रशासन के आदेश जारी होते ही कांवड़ मार्ग पर स्थित मीट की दुकानें और नॉनवेज होटल निर्धारित अवधि के लिए बंद करा दिए जाएंगे। ऐसे में सभी दुकानदारों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
लगातार रखी जा रही निगरानी
पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।