प्रतापगढ़। अब स्कूल के गेट पर, बाजार की भीड़ में या स्टेशन के चौराहे पर महिला पुलिस को पहुंचने में देर नहीं लगेगी। जिले की महिला पुलिस टीम को शुक्रवार को 14 चमचमाती स्कूटियों की सौगात मिली। पुलिस लाइन में हुए छोटे से कार्यक्रम में एसपी दीपक भूकर ने खुद हरी झंडी दिखाकर इन स्कूटियों को ड्यूटी पर रवाना किया।
ऐसे मिली स्कूटी
दरअसल, यह मदद किसी सरकारी बजट से नहीं, बल्कि सीएसआर फंड से मिली है। इससे पहले मिशन शक्ति के तहत जिले को 10 स्कूटियां मिल चुकी थीं। अब नई 14 गाड़ियों के जुड़ने से महिला टीम के पास कुल 24 दोपहिया वाहन हो गए हैं। संख्या बढ़ने से अब एक साथ कई इलाकों में गश्त करना आसान होगा।
कार्यक्रम में मौजूद महिला सिपाहियों के चेहरे पर अलग ही जोश था। नई स्कूटी मिलने के बाद उन्होंने एक-दूसरे को बधाई दी और गाड़ियों के साथ फोटो भी खिंचवाए। अधिकारियों का कहना है कि इस जोश का फायदा सीधे आम महिलाओं को मिलेगा।
अब ये स्कूटियां किस काम आएंगी?
सबसे पहले एंटी रोमियो टीम और महिला बीट पुलिस इन पर सवार होकर सुबह-शाम स्कूल-कॉलेजों के बाहर चक्कर लगाएंगी। बाजार, कोचिंग सेंटर, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर भी इनकी नजर रहेगी। कहीं से भी छेड़छाड़ या छींटाकशी की शिकायत मिली तो टीम मिनटों में वहां पहुंच जाएगी।
एसपी ने मौके पर ही सख्त हिदायत भी दी। उन्होंने कहा कि स्कूटी सिर्फ चलाने के लिए नहीं मिली है, बल्कि जिम्मेदारी निभाने के लिए मिली है। समय पर गश्त हो, हेल्पलाइन की जानकारी लोगों तक पहुंचे और हर महिला खुद को सुरक्षित महसूस करे, यही असली मकसद है।
इस दौरान एएसपी पूर्वी आलोक कुमार, आरआई राजीव राय और परिवहन शाखा के प्रभारी भगवान दास यादव समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों को उम्मीद है कि अब मनचलों पर शिकंजा और कस जाएगा।