डीजे रोकने पर बवाल, कांवड़ियों के सामने भावुक हुए इंस्पेक्टर जितेंद्र- ‘मैं रिजाइन करता हूं’

Share This

 

 

कन्नौज में कांवड़ियों के डीजे को रोके जाने के बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि इंस्पेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह को कांवड़ियों के सामने भावुक होकर इस्तीफे की बात कहनी पड़ी। बाबा गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचे कांवड़ियों और पुलिस के बीच विवाद के बाद घंटों हंगामा चलता रहा। कांवड़िए इंस्पेक्टर को हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

ये है मामला 

बताया जा रहा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस ने कांवड़ियों के डीजे को रोक दिया था। इसी को लेकर पुलिस और कांवड़ियों के बीच कहासुनी हुई। मामला बढ़ने पर कांवड़ियों ने पुलिस पर अभद्रता और मारपीट के आरोप लगाए। इसके बाद बड़ी संख्या में कांवड़िए पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध में जुट गए।

माहौल बिगड़ता देख प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया। अपर जिलाधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने कांवड़ियों से बातचीत की और पूरे मामले को लेकर माफी मांगकर उन्हें शांत कराने की कोशिश की। हालांकि, कांवड़िए इंस्पेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

इंस्पेक्टर ने कहा ये

इसी दौरान इंस्पेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह भावुक हो गए। कांवड़ियों और अधिकारियों के सामने उन्होंने कहा, “ईश्वर साक्षी है, अगर मैंने किसी कांवड़िये का अपमान किया है तो ईश्वर न्याय करेगा। मैं रिजाइन करता हूं।” इंस्पेक्टर के इस बयान के बाद मौके का माहौल और भावुक हो गया।

प्रशासन की ओर से कांवड़ियों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। वहीं, एक सिपाही के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई किए जाने की भी बात सामने आई है। आश्वासन के बाद कांवड़ियों का विरोध शांत हुआ।

डीजे रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब इंस्पेक्टर के इस्तीफे के ऐलान तक पहुंच गया। घटना ने कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस व्यवस्था और श्रद्धालुओं के साथ पुलिस के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *