उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की आईपीएस अधिकारी सुनीति को संयुक्त राष्ट्र संघ में प्रतिनियुक्ति की मंजूरी मिल गई है। गृह मंत्रालय (MHA) से हरी झंडी मिलने के बाद अब उत्तर प्रदेश सरकार आगामी चार दिनों में उन्हें कार्यमुक्त कर देगी। वर्तमान में सुनीति नोएडा कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त (DCP) के पद पर तैनात हैं।
कौन हैं सुनीति
जानकारी के मुताबिक, सुनीति का प्रशासनिक सफर अनुशासन, प्रतिबद्धता और सेवा भाव का परिचायक है। मूल रूप से चंडीगढ़ की रहने वाली सुनीति ने कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री हासिल की है। इंजीनियर के रूप में करियर शुरू करने के बाद उन्होंने तकनीकी क्षेत्र को छोड़कर सिविल सेवा को चुना और भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हुईं।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने गौतम बुद्ध नगर में एएसपी (ग्रामीण) और एसपी (साइबर क्राइम) जैसे अहम पदों पर कार्य किया है। साइबर अपराध की रोकथाम और तकनीकी जांच में उनकी दक्षता के चलते विभाग में उन्हें अलग पहचान मिली है।
केंद्र में नियुक्ति से मिलती है बड़ी जिम्मेदारी
केंद्र में प्रतिनियुक्ति भारतीय अधिकारियों के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी और सम्मान का अवसर होती है। सुनीति की यह नियुक्ति न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए भी गौरव का विषय है।