बस्ती। जो पुलिस दिन-रात लोगों की जान बचाने के लिए खड़ी रहती है, वही पुलिस आज अपने ही थानों में असुरक्षित है। जिले के कई थानों और चौकियों में बिजली व्यवस्था की हालत इतनी खराब है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जर्जर तार, खुले कटआउट और बिना अर्थिंग के चल रहे उपकरण पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए हर पल खतरा बने हुए हैं।
24 घंटे चलते हैं उपकरण
थाना परिसरों में लगे सीसीटीएनएस सिस्टम, कंप्यूटर, वायरलेस सेट और अन्य उपकरण 24 घंटे चलते हैं। इसके बावजूद वहां तारों का मकड़जाल फैला हुआ है। कई जगह वायरिंग इतनी पुरानी हो चुकी है कि उसके ऊपर का कवर उतर गया है। नंगे तार दीवारों से सटे हुए हैं। बारिश के दिनों में तो इन दीवारों में करंट उतरने का डर और बढ़ जाता है।
सबसे बड़ी चिंता बच्चों को लेकर है। थाना परिसर में बने सरकारी आवासों में पुलिसकर्मियों के छोटे-छोटे बच्चे खेलते हैं। उन्हीं के सिर के ऊपर से नीची ऊंचाई पर झूलते नंगे तार गुजर रहे हैं। खुले कटआउट में हाथ लग जाए तो क्या होगा, यह सोचकर ही परिवार वाले कांप जाते हैं।
जांच में पता चला कि अधिकतर थानों में मानक के हिसाब से अर्थिंग की व्यवस्था ही नहीं है। एमसीबी और अर्थ लीकेज सर्किट ब्रेकर भी कई जगह लगे नहीं हैं। वोल्टेज ऊपर-नीचे होने पर शॉर्ट सर्किट का खतरा हमेशा बना रहता है। भारी उपकरण बिना सुरक्षा के चल रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा ये
पैकोलिया के प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद राजभर ने बताया कि उनके कार्यकाल में अब तक थाने का बिजली सुरक्षा ऑडिट नहीं हुआ। उन्हें पहले की भी कोई जानकारी नहीं है। उनका कहना है कि समय-समय पर ऑडिट होना बहुत जरूरी है।
वहीं विद्युत सुरक्षा के सहायक निदेशक ब्रजेश यादव का कहना है कि पुलिस विभाग की ओर से पत्र मिलने पर ही उनकी टीम मौके पर जाकर जांच करती है। हाल में दो नए थानों का सुरक्षा ऑडिट किया गया है।
सवाल यही है कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होगा, तब तक क्या सिस्टम ऐसे ही आंख मूंदे रहेगा।