वाराणसी जोन पुलिस का कमाल, 100 दिन में 3,881 गुम मोबाइल खोजकर मालिकों को लौटाए, कीमत 8 करोड़ से ज्यादा

Share This

 

वाराणसी। खोया हुआ मोबाइल वापस मिलना अब किसी चमत्कार से कम नहीं लगता, लेकिन वाराणसी जोन की पुलिस ने इसे हकीकत में बदल दिया है। एक खास अभियान के तहत पुलिस ने 100 दिन में 3,881 लोगों के गुम हुए फोन ढूंढकर उन्हें लौटा दिए। इन फोनों की कीमत 8 करोड़ 14 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

कब चलाया अभियान

यह अभियान 1 अगस्त से 7 नवंबर के बीच चलाया गया। इस दौरान जोन के सभी नौ जिलों की टीमों ने एक साथ काम किया। सबसे बड़ी कामयाबी सितंबर महीने में मिली, जब मोबाइल रिकवरी के मामले में वाराणसी जोन पूरे उत्तर प्रदेश में पहले नंबर पर रहा।

जिलेवार हिसाब देखें तो जौनपुर सबसे आगे रहा। वहां 949 फोन बरामद हुए। दूसरे नंबर पर आजमगढ़ रहा, जहां 783 मोबाइल मिले। सोनभद्र में 436, गाजीपुर में 379, मऊ में 365, चंदौली में 285, बलिया में 244, मिर्जापुर में 224 और भदोही में 216 फोन वापस लाए गए।

अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा ने बताया कि यह सफलता केंद्र सरकार के संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग की ओर से बनाए गए सीईआईआर पोर्टल की वजह से मिली। लोगों ने इस पोर्टल पर अपने गुम फोन की शिकायत दर्ज की थी, उसी के आधार पर पुलिस ने ट्रैकिंग कर फोन खोजे।

एडीजी ने कहा ये

पुलिस ने लोगों को सलाह भी दी है। अगर किसी का फोन खो जाए या गुम हो जाए तो घबराने की जरूरत नहीं है। सबसे पहले संचार साथी की आधिकारिक वेबसाइट http://www.sancharsaathi.gov.in पर जाकर सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करें। इसके अलावा नजदीकी सीएससी केंद्र, थाने या पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी प्रार्थना पत्र दिया जा सकता है।

एडीजी ने एक जरूरी बात और कही। अपने फोन का आईएमईआई नंबर हमेशा संभालकर रखें। यही नंबर फोन को खोजने और वापस लाने में सबसे ज्यादा काम आता है। अगर यह नंबर पहले से नोट होगा तो पुलिस की कार्रवाई और तेज हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *