झांसी। दीवाली की शाम जब हर घर में दीये जल रहे थे, तब बड़ागांव थाने में भी रोशनी थी, लेकिन वजह अलग थी। वहां तीन नई महिला सिपाहियों ने अपने हाथों से पूरे थाने को सजा दिया था। न घर की याद ने उन्हें कमजोर किया, न ड्यूटी के बोझ ने। उन्होंने साफ कह दिया, इस बार दीवाली यहीं मनाएंगे, जहां हमारी पोस्टिंग है।
तीनों ने थाने को सजाया
सत्यांजलि पाल, रीता और पूनम, तीनों इसी साल पुलिस में भर्ती हुई हैं। तीनों की पहली पोस्टिंग बड़ागांव थाने में हुई है। त्योहार से एक दिन पहले से ही घर से फोन आने लगे थे। किसी की मां कह रही थी आ जाओ बेटा, किसी के पिता बोले छुट्टी ले लो। मन भी कर रहा था, लेकिन तीनों ने एक-दूसरे से कहा, अगर हम सब चली गईं तो थाने की जिम्मेदारी कौन संभालेगा?
फिर क्या था, तीनों ने मिलकर तय किया कि उदासी को रंगों में बदल देंगे। थाना परिसर के बीचों-बीच बड़ी सी रंगोली बनाई। रंग-बिरंगे रंग, फूल और दीयों से थाने का गेट ऐसा चमका कि राहगीर भी रुककर देखने लगे। रंगोली में पुलिस के प्रति सम्मान और बड़ागांव के लोगों के लिए शुभकामनाओं को भी जगह दी गई।
थाने के बाकी स्टाफ ने भी इसमें साथ दिया। शाम को सबने एक साथ बैठकर मिठाई खाई, एक-दूसरे को बधाई दी। थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे भी इस दौरान मौजूद रहे। उन्होंने महिला सिपाहियों के जज्बे की सराहना की।
तीनों ने कहा ये
तीनों सिपाहियों ने बताया कि ट्रेनिंग में ही सिखाया गया था कि वर्दी पहनने के बाद अपना-पराया नहीं होता। जिस इलाके में तैनाती मिले, वहां के लोग ही अपने हो जाते हैं। दीवाली घर पर अगले साल भी मन जाएगी, लेकिन इस साल लोगों की सुरक्षा करना ज्यादा जरूरी था।
बड़ागांव के लोगों के लिए भी यह दीवाली यादगार बन गई। कई लोग थाने में सिर्फ इसलिए आए कि वर्दी में दीवाली मनाती इन बेटियों को देख सकें।