सोमवार की दोपहर सीतापुर पुलिस के लिए काली दोपहर साबित हुई। डायल-112 पर ड्यूटी निपटाकर लौट रहे एक युवा सिपाही की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब उनकी बाइक के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के लिए सिपाही ने बाइक मोड़ी, लेकिन संतुलन बिगड़ा और बाइक सड़क पर पलट गई।
ये है मामला
यह दर्दनाक घटना बिसवां इलाके में कोटरा पुल के पास दोपहर करीब बारह बजे हुई। मृतक सिपाही का नाम ऋषि कुमार था, उम्र करीब 32 साल। वे मूल रूप से कानपुर देहात के कैंट इलाके के रहने वाले थे। पिता चंद्र प्रकाश के इकलौते बेटे ऋषि सीतापुर के सकरन थाने में तैनात थे।
बताया गया कि ड्यूटी खत्म करके वे बाइक से थाने की ओर जा रहे थे। कोटरा पुल के पास पहुंचते ही सामने से कुत्ता दौड़ पड़ा। ऋषि ने उसे टक्कर से बचाना चाहा, इसी कोशिश में बाइक फिसल गई। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने से वे वहीं बेहोश हो गए। आसपास के लोगों और पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में उन्हें बिसवां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल भेजा, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें बचा नहीं सके।
ऋषि की मौत की खबर से उनके परिवार में कोहराम मच गया। वे घर के इकलौते चिराग थे। उनकी एक बहन है। अभी मई 2023 में ही उनकी शादी हुई थी। उनका बेटा राघव महज डेढ़ साल का है, जिसे अभी पिता का मतलब भी ठीक से नहीं पता। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों को सौंपा गया शव
पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस लाइन में साथी पुलिसकर्मियों ने फूल चढ़ाकर उन्हें आखिरी सलामी दी। हर किसी की आंख नम थी। साथी बता रहे हैं कि ऋषि स्वभाव से बहुत नरम दिल और जिम्मेदार पुलिसकर्मी थे। एक जानवर को बचाने के लिए अपनी जान गंवाने वाला यह सिपाही सबके दिल में हमेशा जिंदा रहेगा।