शहीद जैसा सम्मान नहीं मिला, रोते रहे परिजन: सिपाही दीपक की विदाई पर कुशीनगर पुलिस पर लगे संवेदनहीनता के आरोप

Share This

अंबेडकरनगर। 25 साल का जवान बेटा वर्दी में गया था, लेकिन लौटा तिरंगे में भी नहीं, सम्मान में भी नहीं। इब्राहिमपुर के करमपुर बरसाना गांव के रहने वाले सिपाही दीपक गुप्ता की मौत के बाद उनका परिवार इस बात से सबसे ज्यादा आहत है कि अंतिम विदाई के वक्त पुलिस विभाग ने उन्हें वो सम्मान तक नहीं दिया, जिसके वो हकदार थे।

कुशीनगर में थे तैनात

दीपक कुशीनगर जिले के हनुमानगंज थाने में तैनात थे। 2025 बैच के सिपाही दीपक की शनिवार सुबह थाने में दिवाली की सफाई के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। थाना परिसर की बैरक की छत पर झाड़ू लगाते समय वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए। साथी पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सुबह करीब 10 बजे हुई इस घटना से पूरे थाने में हड़कंप मच गया और दिवाली की खुशियां मातम में बदल गईं। रविवार को जब अयोध्या के श्रृंगी ऋषि आश्रम के पास शेरवा घाट पर अंतिम संस्कार हो रहा था, तो परिजनों का दर्द गुस्से में बदल गया।

परिजनों का आरोप है कि जब वे शव लेने कुशीनगर पहुंचे, तो उन्हें घटना की सही जानकारी ही नहीं दी गई। उन्हें बार-बार गुमराह किया गया। किसी ने ठीक से नहीं बताया कि आखिर हादसा हुआ कैसे। परिजनों ने सबसे बड़ा आरोप यही लगाया कि अंतिम विदाई के दौरान दीपक को पुलिस का गार्ड ऑफ ऑनर या विभागीय सम्मान नहीं दिया गया।

ड्यूटी के दौरान हुआ शहीद

उनका कहना है कि एक जवान सिपाही ड्यूटी के दौरान शहीद हुआ, लेकिन प्रशासन ने उसे एक आम मौत की तरह निपटा दिया। घाट पर मौजूद रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने भी इस पर नाराजगी जताई। गांव में हर कोई दीपक को होनहार और मेहनती बताता है। परिवार की उम्मीद थी कि बेटे की शहादत को सम्मान मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। परिजनों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई के साथ-साथ दीपक को शहीद का दर्जा और परिवार को मुआवजा दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *