गाजियाबाद। वसुंधरा पुलिस चौकी के पिछले हिस्से में हुए जोरदार धमाके के मामले में अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है, जिसके बाद शनिवार को NIA की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच की।
तेज था धमाका
पुलिस के मुताबिक, यह FIR चौकी में तैनात एक पुलिसकर्मी की शिकायत पर दर्ज की गई है। शिकायत में बताया गया है कि 6 नवंबर की रात करीब 10:50 बजे चौकी के पीछे अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरी चौकी में अफरा-तफरी मच गई।
धमाके से चौकी की दीवारों में दरारें आ गईं। वाशरूम और कमरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसी नुकसान को लेकर पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धारा भी लगाई है।
FIR में एक्सप्लोसिव एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग-अलग धाराएं लगाई गई हैं।
NIA की टीम का फोकस अब तीन सवालों पर है –
1.धमाका किस चीज से हुआ? किस तरह का विस्फोटक इस्तेमाल किया गया?
2.धमाका हादसा था या सोची-समझी साजिश?
3. इस धमाके के पीछे कौन सा संगठन या लोग हैं?
जुटाये गए सबूत
टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और धमाके के पैटर्न की जांच कर रही है। विस्फोट में इस्तेमाल सामग्री का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक जांच भी की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में पहले से ही ATS और स्पेशल सेल की टीमें भी जांच में लगी हैं। अब NIA के आने के बाद जांच और तेज हो गई है।
फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं। धमाके के पीछे की सच्चाई सामने आने का इंतजार है।