कुशीनगर: थाने में सफाई के दौरान टूटा हाईटेंशन तार, 28 साल के सिपाही की गई जान

Share This

कुशीनगर। दिवाली की सुबह हनुमानगंज थाने में खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया। बैरक की सफाई कर रहे युवा सिपाही दीपक गुप्त के ऊपर हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना शनिवार को करीब 11 बजे हुई।

सफाई के दौरान हुआ हादसा

दीपक अपने दो साथियों के साथ मिलकर बैरक साफ कर रहे थे। दिवाली को लेकर थाने में साफ-सफाई चल रही थी। तभी बैरक के ऊपर से गुजर रहा तार अचानक टूटा और नीचे आ गिरा। दीपक उसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि वह चीख भी नहीं पाए। साथियों ने दौड़कर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

साथी जवान तुरंत दीपक को लेकर तुर्कहा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत बता दिया। यह खबर सुनते ही थाने में सन्नाटा छा गया। कुछ देर पहले तक हंसते-बोलते साथी को इस हाल में देखकर किसी को यकीन नहीं हो रहा था।

दीपक मूल रूप से अंबेडकरनगर के करमपुर बारसहवां गांव के रहने वाले थे। वह 2025 बैच में यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। ट्रेनिंग के बाद करीब पांच महीने पहले उन्हें कुशीनगर में पहली पोस्टिंग मिली थी। कम समय में ही उन्होंने थाने में सभी से अच्छी दोस्ती कर ली थी। स्वभाव से वह काफी मिलनसार और हंसमुख थे।

पिता का हो चुका है निधन

उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। पिता का निधन पहले ही हो चुका था। घर की सारी जिम्मेदारी दीपक पर ही थी। नौकरी मिलने के बाद परिवार को उम्मीद बंधी थी, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तार कैसे टूटा, इसकी जांच भी की जा रही है। थाने के साथियों ने दीपक को नम आंखों से याद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *