भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी कपिल देव शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने न सिर्फ पुलिस मुख्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना की, बल्कि यूपी पुलिस की प्रगति को भी उल्लेखनीय बताया। उन्होंने कहा कि यहां की सुविधाएं अब कॉरपोरेट दफ्तरों से भी बेहतर हैं और यह राज्य की मजबूत कानून-व्यवस्था का परिचायक है।
खिलाड़ियों को किया सम्मानित
कपिल देव ने मुख्यालय पहुंचने पर डीजीपी प्रशांत कुमार से शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद उन्होंने यूपी पुलिस से जुड़े राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है, और यह गर्व का विषय है कि वे पुलिस बल का हिस्सा हैं।
मीडिया से बातचीत में कपिल देव ने कहा कि वह वर्षों पहले जब उत्तर प्रदेश आए थे, तब ऐसी व्यवस्थाएं नहीं थीं। लेकिन आज जो कुछ देखा, वह सराहनीय है। “लॉ एंड ऑर्डर अच्छा हो तो राज्य खुद ब खुद अच्छा हो जाता है,”
सीएम योगी से भी की मुलाकात
कपिल देव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की और उत्तर प्रदेश में हो रहे सामाजिक और प्रशासनिक परिवर्तनों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से महाकुंभ की तैयारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि एक छोटे शहर में 60 करोड़ लोगों को बुलाकर बेहतर सुविधाएं देना भारत जैसे देश की खासियत है। पहलगाम हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि “सरकार जो निर्णय लेगी, देशहित में होगा। हम सरकार के साथ खड़े हैं।”