यूपी कैडर के आईपीएस अफसर आदित्य मिश्रा को अब यूपी में डीजी फायर का पद मिला है। आदित्य मिश्रा उत्तर प्रदेश कैडर के 1989 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं, जोकि जनवरी के महीने में ही प्रतिनियुक्ति से लौटे हैं। उन्होंने अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है। अपने विस्तृत और विविध करियर में, उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। ऐसे में इस नई जिम्मेदारी देने के बाद उनसे सरकार को उनसे काफी उम्मीदें हैं।
अभी तक यहां थे तैनात
जानकारी के मुताबिक, नवंबर 2019 में, आदित्य मिश्रा को लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (LPAI) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था, जहां उन्होंने भारत की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं पर यात्रियों और सामानों की आवाजाही के लिए सुविधाओं के विकास और प्रबंधन का नेतृत्व किया। इस भूमिका में उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास और सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जनवरी 2025 में वो केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस उत्तर प्रदेश लौटे और लखनऊ में पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार के समक्ष अपनी ज्वाइनिंग दी। उनकी वापसी के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा में कई प्रशासनिक फेरबदल हुए, जिनमें 70 से अधिक आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति मिली। इन परिवर्तनों से पुलिस प्रशासन में नई ऊर्जा और जिम्मेदारी का संचार हुआ।
जून में होंगे रिटायर
अपने करियर के दौरान आईपीएस आदित्य ने विभिन्न पदों पर कार्य किया है, जिसमें अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) यूपी-100 भी शामिल है ।इसके अलावा, उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस की क्राइम ब्रांच – क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट में एडीजी के पद पर भी सेवाएं दी हैं। आदित्य मिश्रा की सेवा निवृत्ति जून 2025 में निर्धारित है, जब वे 60 वर्ष की आयु पूर्ण करेंगे।