मध्य प्रदेश के विशेष पुलिस महानिदेशक (रेल) मनीष शंकर शर्मा का 58 वर्ष की उम्र में सोमवार को दिल्ली में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली गए थे। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस और प्रशासनिक विभागों में शोक की लहर है।
कौन हैं मनीष शंकर शर्मा ?
जानकारी के मुताबिक, 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी शर्मा ने केंद्र, राज्य और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया था। वे आतंकवाद-रोधी और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के विशेषज्ञ थे। चार महाद्वीपों में सेवा देने वाले शर्मा को अमेरिका के सैन डिएगो में 2015 में ‘मनीष एस. शर्मा दिवस’ के रूप में सम्मानित किया गया था। ये उनके लिए एक बड़ा सम्मान था।
उन के पिता कृपा शंकर शर्मा मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव रह चुके थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। उनके निधन पर मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया।
CM ने जताया शोक
मनीष शंकर शर्मा के निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक जताते हुए कहा, मध्यप्रदेश के विशेष पुलिस महानिदेशक (रेल) मनीष शंकर शर्मा जी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है. पुलिस सेवा में तत्पर्य एक निष्ठावान, कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित अधिकारी का असमय चले जाना निश्चित ही प्रदेश और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है. ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारजनों यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति दें, यही प्रार्थना करता हूं. विनम्र श्रद्धांजलि! ॐ शांति!”