लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिन्टन क्लस्टर प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य समापन 13 मई को सम्पन्न हुआ। यह प्रतियोगिता 09 मई से 13 मई 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें देशभर की पुलिस, केंद्रीय पुलिस बलों एवं अर्द्धसैनिक बलों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन समारोह पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ।
42 टीमों ने लिया था भाग
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों, केन्द्र शासित प्रदेशों, केन्द्रीय पुलिस संगठनों एवं अर्द्धसैनिक बलों की कुल 42 टीमों के लगभग 1,400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 300 महिला खिलाड़ियों की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण रही। खिलाड़ियों ने बैडमिन्टन प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया।
समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल कौशल, संघर्ष भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि, “मेडल विजेता ही नहीं, बल्कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाला प्रत्येक खिलाड़ी एक चैंपियन है।” उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों एवं संस्थाओं से आई 42 टीमों के लगभग 1,400 खिलाड़ियों की भूमिका को आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण बताया।
साथ ही उन्होंने अपर पुलिस महानिदेशक पीएसी, डॉ0 रामकृष्ण स्वर्णकार एवं उ0प्र0 पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के सचिव/पुलिस महानिरीक्षक, डॉ0 प्रीतिंदर सिंह को बधाई देते हुए प्रतियोगिता हेतु गठित सभी 14 समितियों के अध्यक्षों, सदस्यों, कोच, टीम मैनेजरों एवं संस्था प्रमुखों की सराहना की जिन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर अवसर एवं वातावरण उपलब्ध कराकर इस मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया और इस आयोजन को सफल और स्मरणीय बनाया।
ये लोग रहे मौजूद
समापन समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अपर निदेशक (एसआईबी) विनीता शर्मा, पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम बिनोद कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश आशुतोष राय, अपर पुलिस महानिदेशक पीएसी डॉ. रामकृष्ण स्वर्णकार, सचिव खेल एवं युवा कल्याण उत्तर प्रदेश सुहास एल.वाई., उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के सचिव एवं पुलिस महानिरीक्षक डॉ. प्रीतिंदर सिंह, पुलिस महानिरीक्षक कानपुर अनुभाग अतुल शर्मा तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक लखनऊ अनुभाग किरीट राठौड़ सहित पुलिस एवं प्रशासनिक विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।