गोंडा में कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के बाद पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई हुई है। मामले में कथित पुलिस लापरवाही को लेकर परसपुर SHO समेत तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद का गुस्सा भी सामने आया है। उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह गोंडा के एसपी अभिषेक से तीखे सवाल करते हुए नजर आ रहे हैं।
एसपी ने दी जानकारी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक के मुताबिक, परसपुर थाने के प्रभारी उपनिरीक्षक कमला शंकर चतुर्वेदी, शाहपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित सिंह और सिपाही अभिमन्यु भारती को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी होगी। इसके साथ ही परसपुर थाने में नए प्रभारी की तैनाती की गई है। कोंडरे थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय को परसपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कारोबारी की हत्या के बाद गोंडा पहुंचे मंत्री संजय निषाद ने सर्किट हाउस में पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। इसी दौरान वह एसपी पर नाराज होते दिखाई दिए। सामने आए वीडियो में मंत्री ने पुलिस की भारी मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए एसपी से पूछा कि क्या वह सरकार की छवि खराब करना चाहते हैं। इस मामले को लेकर मंत्री ने गोंडा में धरना भी दिया था।
पुलिस के मुताबिक, परसपुर क्षेत्र के रेक्सड़िया गांव निवासी 45 वर्षीय विनोद कुमार साहनी शाहपुर बाजार में बर्तन की दुकान चलाते थे। बुधवार शाम दुकान बंद कर बाइक से घर लौटते वक्त रास्ते में उन पर हमला हुआ। आरोप है कि चार बाइकों पर सवार करीब 10 लोगों ने उन्हें घेर लिया और हथियारों से हमला कर दिया। हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों और पुलिस के अनुसार, उन्हें इलाज के लिए पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर गोंडा मेडिकल कॉलेज और फिर लखनऊ रेफर किया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इनके खिलाफ केस दर्ज
पुलिस का कहना है कि घायल अवस्था में विनोद ने तीन आरोपियों की पहचान की थी। इसके आधार पर शुभम सिंह उर्फ गोलू, सुभाष सिंह और आकाश सिंह समेत 10 नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। विनोद की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई। पुलिस ने तीसरे आरोपी आकाश सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है।
अब इस मामले में पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई और मंत्री संजय निषाद का एसपी को फटकार लगाने वाला वीडियो चर्चा में है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।