BRICS Summit 2026: आज दिल्ली में सुरक्षा चाक-चौबंद, 15 हजार पुलिसकर्मी और 200 कंपनियां तैनात

Share This

नई दिल्ली: 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के मद्देनजर आज राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है। भारत मंडपम में चल रहे सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और शीर्ष नेता हिस्सा ले रहे हैं। विदेशी मेहमानों की सुरक्षा और उनकी आवाजाही को देखते हुए दिल्ली पुलिस के करीब 15 हजार जवानों के साथ अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियां तैनात की गई हैं। हवाई अड्डे से लेकर विदेशी नेताओं के ठहरने वाले होटलों, भारत मंडपम और उनके आवाजाही वाले प्रमुख मार्गों तक सुरक्षा का कड़ा घेरा बनाया गया है।

500 से अधिक कैमरों से हो रही निगरानी

दिल्ली में 500 से अधिक CCTV कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। इनमें हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों के साथ फेस रिकग्निशन और नंबर प्लेट पहचानने वाली तकनीक वाले कैमरे भी शामिल हैं। संवेदनशील इलाकों और वीवीआईपी मूवमेंट वाले रास्तों पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर रख रही हैं।

BRICS सम्मेलन के दौरान विदेशी नेताओं के काफिलों की आवाजाही के समय कई प्रमुख सड़कों पर अस्थायी ट्रैफिक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए जा रहे हैं। यातायात पुलिस के मुताबिक, 35 से अधिक प्रमुख सड़कें प्रभावित हो सकती हैं। इनमें मथुरा रोड, सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड और एपीजे अब्दुल कलाम रोड प्रमुख हैं।

कई जगह ट्रैफिक में बदलाव

अधिकारियों के मुताबिक, पूरी दिल्ली में यातायात बंद नहीं किया गया है। जहां सुरक्षा स्थिति अनुमति दे रही है, वहां सामान्य यातायात जारी है। हालांकि, वीवीआईपी काफिले के गुजरने के दौरान कुछ समय के लिए वाहनों को रोका जा रहा है और जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जा रहा है।

सम्मेलन के दौरान एक दिन में 70-80 या उससे अधिक हाई-सिक्योरिटी मूवमेंट होने की संभावना है। ऐसे में मध्य और दक्षिणी दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक दबाव बढ़ सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *