हापुड़ में दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पत्नी ने लगाया शराब पीकर मारपीट का आरोप

Share This

हापुड़। हापुड़ में तैनात यूपी पुलिस के एक दरोगा के खिलाफ उनकी पत्नी ने मुकदमा दर्ज कराया है। पत्नी ने पति पर शराब के नशे में मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि मारपीट के दौरान उसके कान के पर्दे में भी छेद हो गया।

ये है मामला

जानकारी के अनुसार, आरोपी दरोगा की पहचान ऋषभ के रूप में हुई है। वह वर्तमान में हापुड़ में तैनात हैं। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति शराब पीने का आदी है और नशे की हालत में उसके साथ मारपीट करता है। महिला के मुताबिक, कई बार विवाद बढ़ने पर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें भी आईं।

पीड़िता का आरोप है कि मारपीट की एक घटना में उसके कान पर चोट लगी, जिसके बाद कान के पर्दे में छेद हो गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

केस हुआ दर्ज

महिला की शिकायत के आधार पर थाना गढ़ कोतवाली में दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के साथ ही संबंधित साक्ष्यों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *