हापुड़ के बाद आगरा में पुलिसकर्मियों की शिकायत, भाजपा विधायक ने पुलिस आयुक्त को लिखा पत्र

Share This

आगरा। फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल ने क्षेत्र में तैनात छह पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली को लेकर पुलिस आयुक्त से शिकायत की है। विधायक ने पत्र के माध्यम से पुलिसकर्मियों पर मनमाने रवैये, जनता को अनावश्यक रूप से परेशान करने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। विधायक का कहना है कि उन्हें क्षेत्र की जनता से लगातार पुलिसकर्मियों के व्यवहार और कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद उन्होंने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा।

विधायक ने की शिकायत

विधायक की शिकायत में थाना किरावली के एसएसआई मनोज दीक्षित, हेड मोहर्रिर संदीप कुमार और रुनकता चौकी प्रभारी आशीष त्यागी का नाम शामिल है। इसके अलावा एसआई तरुण चौधरी, मिढ़ाकुर चौकी पर तैनात दरोगा अमित कुमार और अछनेरा थाने के कारखास मुकेश यादव की कार्यप्रणाली को लेकर भी शिकायत की गई है।

विधायक चौधरी बाबूलाल ने आरोप लगाया कि संबंधित पुलिसकर्मी अपने स्तर पर मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं। उनके रवैये के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए लोग थानों और चौकियों पर पहुंचते हैं, लेकिन यदि वहां उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़े तो इससे पुलिस और प्रशासन के प्रति लोगों का भरोसा प्रभावित होता है।

की ये मांग

विधायक ने पत्र में कहा कि पुलिसकर्मियों की इस तरह की कार्यप्रणाली से शासन और प्रशासन की छवि भी धूमिल हो रही है। उन्होंने पुलिस आयुक्त से मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

बताया गया है कि पुलिस आयुक्त की ओर से विधायक को मामले की जांच कराने और जांच के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। अब संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *