आगरा में शनिवार सुबह दीवानी चौराहे के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी में आग लगते ही कुछ ही पलों में वह पूरी तरह लपटों में घिर गई और देखते ही देखते आग का गोला बन गई। इस दौरान स्कूटी पर सवार सिपाही ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
शनिवार को हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ के गांव लोधा निवासी मनोज कुमार आगरा कमिश्नरेट में सिपाही के पद पर तैनात हैं और वर्तमान में पुलिस लाइन में उनकी ड्यूटी है। शनिवार सुबह उनकी पत्नी और दो बच्चे गांव जाने के लिए निकले थे। मनोज उन्हें बस में बैठाने के लिए भगवान टाकीज चौराहे की ओर इलेक्ट्रिक स्कूटी से जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे जैसे ही वे दीवानी चौराहे के पास पहुंचे, स्कूटी से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही सेकंड में उसमें आग लग गई।
स्थिति को भांपते हुए मनोज ने तुरंत स्कूटी को सड़क किनारे रोका और बिना देर किए पत्नी और बच्चों के साथ नीचे कूद गए। जैसे ही वे स्कूटी से दूर हुए, वह पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई। इस घटना से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
दीवानी परिसर में मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना मिलते ही मौके पर बुलाया गया। फायर कर्मियों ने तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
दस दिन पहले खरीदी थी स्कूटी
सिपाही मनोज कुमार ने बताया कि उन्होंने यह इलेक्ट्रिक स्कूटी करीब दस दिन पहले ही खरीदी थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस घटना के बाद इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।