देवीपाटन रेंज के IG अमित पाठक NSG में होंगे तैनात, गृह मंत्रालय ने दी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को मंजूरी

Share This

देवीपाटन रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अमित पाठक को केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारी मिली है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद वह राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) में आईजी (IPS) के पद पर तैनात किए जाएंगे। इस संबंध में गृह मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर अपनी स्वीकृति से अवगत करा दिया है।

कहां तैनात हैं आईपीएस अमित पाठक

वर्ष 2007 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी अमित पाठक वर्तमान में देवीपाटन रेंज के आईजी के रूप में कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में रेंज के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पुलिसिंग में पारदर्शिता, जवाबदेही और अनुशासन को प्राथमिकता दी।

अमित पाठक ने भ्रष्टाचार और लापरवाही के मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। आम जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और थानों की कार्यप्रणाली में सुधार को लेकर भी उनके प्रयासों की सराहना की गई। सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील परिस्थितियों से निपटने में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

अब कहां होंगे तैनात

अब राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड में आईजी पद पर उनकी नियुक्ति को प्रदेश पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। एनएसजी देश का प्रमुख आतंकवाद रोधी बल है, जो आतंकवादी घटनाओं, हाई रिस्क ऑपरेशनों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

पुलिस महकमे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अमित पाठक को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं। माना जा रहा है कि अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक दक्षता के दम पर वह राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *