रामपुर। पश्चिमी यूपी में पुलिस की छवि पर सवाल खड़े करने वाला मामला रामपुर से सामने आया है। शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने और पहले से शादीशुदा होने की बात छिपाकर दूसरा निकाह करने के आरोप में रामपुर पुलिस लाइन से संबद्ध गंज थाने में तैनात सिपाही जुबैर त्यागी को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर यह कार्रवाई की है।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार, शामली जिले की रहने वाली एक युवती की करीब दो वर्ष पहले सोशल मीडिया के जरिए सिपाही जुबैर त्यागी से पहचान हुई थी। आरोप है कि सिपाही ने खुद को अविवाहित बताकर युवती से दोस्ती बढ़ाई और शादी का भरोसा देकर उससे संबंध बनाए। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई। पीड़िता का कहना है कि जब उसने कानूनी कार्रवाई की बात कही तो सिपाही ने उससे निकाह कर लिया, लेकिन उसे अपने साथ नहीं रखा।
बाद में युवती को पता चला कि जुबैर त्यागी पहले से शादीशुदा है। इसके बाद पीड़िता ने शामली के महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में सिपाही जुबैर त्यागी के अलावा उसके पिता कारी अजमत इलाही, पहली पत्नी रेशमा, आकील प्रधान, शमीम प्रधान, दानिश, अकरम और दो अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है।
शामली पुलिस ने भेजी रिपोर्ट
शामली पुलिस ने मामले की रिपोर्ट रामपुर भेजी, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने आरोपी सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर पुलिस आम लोगों को कानून का पालन कराने का जिम्मा निभाती है, वहीं विभाग के ही कर्मी पर ऐसे गंभीर आरोप लगना चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है।