Agra: पुलिस लाइन में सिपाही की मौत से मचा हड़कंप, परेड मैदान में फंदे पर मिला शव

Share This

आगरा। आगरा पुलिस लाइन में शनिवार सुबह एक सिपाही की मौत का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। परेड मैदान के पास 2019 बैच के आरक्षी अनुज कुमार का शव लटका हुआ मिला। वह मेरठ के रहने वाले थे और पुलिस लाइन में सशस्त्र पुलिस बल के साथ तैनात थे।

सुबह मिला शव

सुबह रोजाना की तरह पुलिसकर्मी अभ्यास के लिए परेड मैदान पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर लोहे की सीढ़ी से लटके अनुज के शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

अनुज पुलिस लाइन परिसर में बने आवास में रहते थे। घटना की जानकारी उनके परिवार को दे दी गई है। पुलिस ने उनके साथ रहने वाले साथी आरक्षियों से भी बातचीत की है, ताकि हाल के दिनों में उनकी दिनचर्या और व्यवहार के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

हो रही जांच

जांच में सामने आया है कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे तक अनुज मोबाइल फोन पर बात करते हुए दिखाई दिए थे। उनके साथियों ने अधिकारियों को बताया कि वह सामान्य नजर आ रहे थे और उनके व्यवहार से किसी तरह के तनाव का आभास नहीं हुआ था।

फिलहाल पुलिस ने मौत की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की सही परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *