रामपुर। जयपुर से बरेली लौट रहे पुलिसकर्मियों का सफर शनिवार सुबह हादसे में बदल गया। धमोरा ओवरब्रिज के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने पुलिस के वज्र वाहन को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में वाहन चला रहे सिपाही अशोक की जान चली गई, जबकि उनके साथ मौजूद महिला कांस्टेबल आरती घायल हो गईं।
ऐसे हुआ हादसा
घटना शहजादनगर थाना क्षेत्र में करीब छह बजे की बताई जा रही है। टक्कर के बाद पुलिस का वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों कर्मचारी उसके भीतर फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला। अशोक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरती को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अशोक मूल रूप से बुलंदशहर के अनूपशहर क्षेत्र के गांव मऊ के निवासी थे। करीब 40 वर्षीय अशोक की तैनाती बरेली की परिवहन शाखा में थी। परिवार में पत्नी प्रभा और छह साल का बेटा आरव है। वह बरेली में परिवार के साथ किराये के मकान में रहते थे।
शव भेजा गया अस्पताल
पुलिस के मुताबिक दोनों कर्मचारी सरकारी कार्य से जयपुर गए थे और वहां से बरेली वापस आ रहे थे। धमोरा के पास पहुंचते ही सामने से आए वाहन ने उनके वाहन में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद दूसरा वाहन चालक मौके से निकल गया।
पुलिस ने अशोक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे। उधर, फरार चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।