इटावा में शनिवार सुबह पुलिस विभाग उस समय सकते में आ गया, जब पुलिस लाइन परिसर से एक सिपाही का शव बरामद हुआ। शव बास्केटबॉल मैदान के पास फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक मृतक सिपाही अजीत यादव वर्ष 2005 बैच के पुलिसकर्मी थे। वह मूल रूप से कानपुर देहात के रहने वाले थे और वर्तमान में इटावा पुलिस लाइन में तैनात थे। शनिवार सुबह जब पुलिसकर्मी नियमित गतिविधियों के लिए मैदान की ओर पहुंचे तो उन्होंने अजीत यादव को फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल अधिकारियों को सूचना दी गई।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस लाइन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही अजीत यादव के परिजनों को सूचित किया गया। परिवार के लोगों के इटावा पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। सिपाही के इस कदम के पीछे क्या कारण रहे, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
हर पहलू पर होगी जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक के साथियों और परिचितों से भी पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को समझा जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस घटना से पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।